आप लोगों को मार्केट में जाकर अच्छे छूट में बढ़िया से बढ़िया सामान लेने का बहुत मन करता होगा और आप में से बहुत से लोग नई-नई मार्केट में जाकर खरीदारी करना पसंद करते होंगे। अगर आप लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास हैं और आप एक बेहतरीन मार्केट देखना चाहते हैं तो आपके लिए भूतनाथ मार्केट एक बेहतर विकल्प हो सकता है क्योंकि यह आपकी लोकेशन से सबसे पास और बड़ी स्थानीय मार्केट है जहाँ अच्छे दामों पर आपको अच्छा सामान मिल जाएगा।
आज मैं इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से भूतनाथ मार्केट का सफर बाइक से पूरा करूँगा और मैं आपको ऑटो और कैब के किराए के बारे में भी बताता रहूँगा ताकि आप ऑटो से भी पहुँच सकें।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से भूतनाथ मार्केट के रास्ते का छोटा सा नज़ारा
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से भूतनाथ मार्केट जाने में आपको 3 चौराहे पार करने होंगे —
- सबसे पहले आपको इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से लाल बत्ती चौराहे पर जाना होगा।
- लाल बत्ती चौराहे से आपको उस मोड़ का इंतज़ार करना है जहाँ पर विभूतिखंड फ्लाईओवर मुड़ रहा हो।
- उस फ्लाईओवर से आपको दाईं तरफ लेकर पॉलिटेक्निक चौराहे पर पहुँचना है।
- पॉलिटेक्निक से आपको फैज़ाबाद रोड पर जाना है और मेट्रो स्टेशन का इंतज़ार करना है।
- मेट्रो स्टेशन से दाईं तरफ आपको भूतनाथ मार्केट मिल जाएगा।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से पॉलिटेक्निक चौराहा

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से पॉलिटेक्निक जाने के लिए मैं बाइक का उपयोग कर रहा हूँ लेकिन आपको ऑटो के बारे में भी बताता हूँ।
मैं इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्रवेश द्वार से सबसे पहले लाल बत्ती चौराहे पर जाऊँगा जो प्रवेश द्वार से दाईं तरफ है। यही वह चौराहा है जहाँ पर गोमती नगर वेंडिंग ज़ोन है, साथ ही इस चौराहे पर Eldeco Corporate Tower भी है जहाँ से आपको ऑटो मिल जाएगा। आपको ऑटो लेकर पहले पॉलिटेक्निक जाना होगा क्योंकि कुछ ऑटो वाले सीधे भूतनाथ नहीं जाते।
पॉलिटेक्निक तक जाने के लिए आपसे ऑटो वाला 10 रुपए माँगेगा और हो सकता है 15 भी माँगे क्योंकि कुछ ऑटो वालों ने अभी अपना किराया बढ़ाया है लेकिन लोग बढ़े हुए किराए को मान नहीं रहे हैं।
मेरा यह सुझाव है कि अगर आप जल्दी अपने स्थान पर पहुँचना चाहते हैं तो आप बड़े वाले ऑटो ही लीजिए जैसे Mahindra नीला, TVS काला या Montra वाले। Mini Metro वाले सफेद ऑटो बहुत धीरे चलते हैं लेकिन अगर आपको जल्दी नहीं जाना है और नज़ारे का मज़ा लेना है तो Mini Metro ऑटो ही ठीक है।
लाल बत्ती चौराहे से आपको राघव राम मिश्रा मार्ग पर जाते हुए फ्लाईओवर के नीचे से उस जगह पहुँचना है जहाँ पर फ्लाईओवर मुड़ता है। आपको वहाँ पहुँचकर दाईं तरफ मुड़ना है। थोड़ा आगे जाने पर आपको Wave Cinema (Wave Mall) मिलेगा जहाँ पर आप फिल्में देख सकते हैं।
Wave Cinema से आगे जाने पर आपको एक चौराहा दिखेगा जो और कुछ नहीं बल्कि पॉलिटेक्निक चौराहा है। आप यहाँ पर अपने ऑटो से उतर सकते हैं और 10 रुपए दे सकते हैं।
पॉलिटेक्निक से भूतनाथ मार्केट का रास्ता

पॉलिटेक्निक से भूतनाथ मार्केट जाने के लिए आपको पॉलिटेक्निक चौराहे से भूतनाथ मेट्रो स्टेशन के लिए एक ऑटो लेना होगा जो आपको New Gold Enterprises Blue Star के सामने से मिल जाएगा जो आपसे सिर्फ 10 रुपए लेंगे और आपको भूतनाथ मेट्रो स्टेशन छोड़ देंगे।
अगर आप बाइक से हैं तो आपको फैज़ाबाद रोड पर सीधे जाना है। लगभग 1 किलोमीटर जाने के बाद आपको भूतनाथ मेट्रो स्टेशन मिलेगा जिसके दाईं तरफ जो सड़क है वही भूतनाथ मार्केट है।
भूतनाथ मार्केट के सामान और उनकी कीमतों के बारे में

भूतनाथ मार्केट मेट्रो स्टेशन के दाईं तरफ से शुरू हो जाता है। यह मार्केट बहुत बड़ा है और यहाँ स्थानीय दुकान, ठेले वाले और फुटपाथ वाली दुकानों से लेकर छोटे शॉपिंग मॉल भी हैं।
मैंने सबसे पहले यहाँ के फास्ट फूड के दाम चेक किए जो बहुत महँगे नहीं थे। आप लगभग 50 से 100 रुपए में अच्छा खाना खा सकते हैं जैसे मोमोज 30 रुपए प्लेट, समोसा 15 रुपए में है।
यहाँ पर बहुत प्रसिद्ध पत्ते वाली पूड़ी भी मिलती है जिस पर बहुत भीड़ लगी रहती है जिसका दाम 30 रुपए प्लेट से शुरू है और इसका स्वाद काफी अच्छा है, खासकर इनका छोला और उसके साथ मिलने वाली मिर्च के साथ मज़ा और बढ़ जाता है। मेरी मानें तो भूख लगने पर यह सबसे बेस्ट खाना रहेगा।
भूतनाथ मार्केट में और घूमने पर मैंने यह देखा कि यहाँ पर जितनी भी स्थानीय फुटपाथ वाली दुकानें हैं उनमें से 80 से 85 प्रतिशत लड़कियों के ही इस्तेमाल का सामान बेच रहे हैं और लड़कों के लिए सिर्फ दुकानों में ही सामान है। यहाँ पर लड़कियों के लिए सामान बहुत सस्ता है जैसे लड़कियों के कपड़े 150 रुपए से शुरू हैं और जूते-चप्पल 150 रुपए से, लेकिन लड़कों के लिए 700 से 1000 के बीच में ही सामान है।
मार्केट काफी बड़ा है और यहाँ पर आपको पार्किंग में कोई परेशानी नहीं होगी क्योंकि यहाँ पर भूमिगत पार्किंग भी है।
किराया और बाइक और कैब का खर्च
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से भूतनाथ जाने में आपको केवल 25 रुपए लगेंगे अगर आप स्थानीय ऑटो का उपयोग करते हैं जो आपको लगभग 20 मिनट में भूतनाथ मार्केट पहुँचा देगा —
- Rapido, Uber जैसी बाइक बुक करने पर खर्च 50-65 रुपए आएगा
- ऑटो बुक करने पर 75-90 रुपए
- कार बुक करने पर 130 से ज्यादा रुपए लग सकते हैं जो छाया और यातायात की वजह से बढ़ सकता है
- और अगर आप खुद की बाइक से जा रहे हैं जो 150 से 200 CC की हो तो आपका लगभग 20 रुपए का पेट्रोल इस्तेमाल होगा और 12-15 मिनट लगेंगे
अंतिम विचार
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से भूतनाथ मार्केट जाने में आपको कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए क्योंकि मैंने आपको जो रास्ता बताया है वो बहुत ही सरल है। भूतनाथ मार्केट लड़कियों के लिए बहुत ही अच्छा रहेगा क्योंकि यहाँ पर उन्हें हर वो सामान जो वो हर रोज़ इस्तेमाल करती हैं कम से कम दाम में मिलेगा और बहुत सी विविधता भी मिलेगी। और शाम को यहाँ पर बहुत सुंदर नज़ारा रहता है और बहुत भीड़ भी।
मुझे उम्मीद है आपको सब कुछ अच्छे से समझ आ गया होगा और अगर आप भूतनाथ मार्केट को अच्छे से देखना चाहते हैं तो नीचे दी गई वीडियो में देख सकते हैं।

मैं प्रियांशु राज हूँ; मैं लखनऊ के आस-पास की जगहों को देखूँगा और आपके घूमने-फिरने के लिए सबसे अच्छे रास्ते और तरीके बताऊँगा।