लखनऊ गोमती रिवरफ्रंट पार्क: पूरा लोकल टूर, ऑटो-बस का किराया और खासियत

लखनऊ जो नवाबों का शहर है और जहां का कबाब पूरे भारत या दुनिया में मशहूर है। लखनऊ अपनी ऐतिहासिक धरोहरों जैसे बड़ा इमामबाड़ा या रूमी दरवाज़ा के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है और इससे लखनऊ में आज के आधुनिक दौर में बहुत सी ऐसी जगहें भी बन गई हैं जहां की खूबसूरती भी देखने लायक बन जाती है, उसी में से एक है गोमती रिवरफ्रंट जो गोमती नगर में बना है।

गोमतीनगर के शांत या VIP इलाके में बना यह पार्क हर तरह के लोगों के लिए कमाल की जगह हो सकता है चाहे वो नौजवान हों या पर्यटक हों या ज़्यादा उम्र के लोग, आपको यहां के नज़ारों को देखकर सुकून और खूबसूरती महसूस होगी।

अगर आप लखनऊ आना चाहते हैं या लखनऊ में ही रहते हैं और छुट्टी के दिन आप कहीं घूमने जाना चाहते हैं तो गोमती रिवरफ्रंट आपके लिए एक कमाल का विकल्प हो सकता है और यह लेख आपके लिए काफी काम का हो सकता है क्योंकि मैं इस लेख में आपको गोमती रिवरफ्रंट आने का रास्ता, ऑटो-बस या मेट्रो का किराया और पूरे रिवरफ्रंट के बारे में बताऊंगा।

gomti riverfront park, river view at evening

गोमती रिवरफ्रंट पार्क: एक नज़र में

  • स्थान: यह पार्क गोमती नगर के पास लोहिया पथ के करीब लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में स्थित है
  • पार्क की लंबाई: गोमती रिवरफ्रंट गोमती नदी के किनारे लगभग 2 किमी से ज़्यादा लंबी दूरी तक बना है
  • पार्क का समय: पार्क रोज़ाना सुबह 6:00 बजे से शाम के 10:00 बजे तक खुला रहता है।
  • टिकट बुकिंग: रिवरफ्रंट पार्क के मुख्य गेट पर आप नकद या UPI का इस्तेमाल करके टिकट ले सकते हैं या आप लखनऊ पार्क्स ई-टिकट पोर्टल से भी टिकट बुक कर सकते हैं।
  • सबसे अच्छा समय: मेरे हिसाब से आपको यहां शाम 5:00 बजे से रात 9:00 बजे तक घूमना चाहिए जिसमें आप शाम को सूरज ढलने का बेहतरीन नज़ारा देखेंगे और रात को रंग-बिरंगी रोशनी भी देख सकते हैं।
  • खाने का खर्च: गोमती नगर इलाका VIP इलाके में आता है इसलिए मैंने यह देखा कि आपको यहां खाने-पीने की चीज़ें बाकी जगहों से थोड़ी महंगी मिल सकती हैं लेकिन गुणवत्ता बिल्कुल अच्छी रहेगी।

गोमती रिवरफ्रंट कैसे पहुंचे? पूरा रास्ता और साधन

gomti nagar riverfront flyower

गोमती रिवरफ्रंट पार्क लखनऊ के बीचोंबीच है इसलिए आप किसी भी साधन से वहां बहुत आसानी से पहुंच सकते हैं जो इस प्रकार है:

  • ट्रेन से: लखनऊ में ट्रेन से रिवरफ्रंट पहुंचने के लिए सबसे नज़दीक चारबाग रेलवे स्टेशन है जहां से पार्क की दूरी लगभग 7 से 8 किमी दूर है और आप स्टेशन पहुंचकर लोहिया पथ या हज़रतगंज के रास्ते पार्क तक ऑटो या बस के ज़रिए पहुंच सकते हैं।
  • चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (अमौसी एयरपोर्ट) से: आप अमौसी से रिवरफ्रंट पार्क आ सकते हैं जहां से पार्क की दूरी लगभग 17 से 18 किमी है और आप शहीद पथ या कानपुर रोड के रास्ते ऑटो या बस का इस्तेमाल करके पार्क तक पहुंच सकते हैं जिसका आपका ऑटो का किराया लगभग 80 से 100 रुपये लगेगा और बस का किराया लगभग 45 से 60 रुपये।
  • मेट्रो से: अगर आप लखनऊ मेट्रो स्टेशन के आस-पास रहते हैं जैसे मुंशीपुलिया, हज़रतगंज, या CCS एयरपोर्ट जहां से आप मेट्रो से बादशाहनगर मेट्रो स्टेशन आ सकते हैं और फिर वहां से पार्क तक जहां से पार्क की दूरी लगभग 1.5 से 2 किमी है।

स्थानीय परिवहन और किराया

लखनऊ में स्थानीय परिवहन की सुविधा अच्छी है खासकर गोमतीनगर की तरफ तो हर वक्त आपको बस या ऑटो मिल जाएंगे:

  • शेयरिंग ऑटो: गोमतीनगर में आप शेयरिंग ऑटो से भी रिवरफ्रंट आ सकते हैं जिसमें अगर आप पॉलिटेक्निक से 1090 चौराहे तक आते हैं तो 15 से 20 रुपये का किराया लगेगा जहां से आप पैदल पार्क के गेट तक जा सकते हैं और हज़रतगंज से रिवरफ्रंट पार्क तक आने के लिए ऑटो का किराया लगभग 20 से 25 रुपये ही होता है।
  • निजी कैब (बुकिंग कैब): एक बात बहुत अच्छी है कि लखनऊ में कैब या बुकिंग ऑटो की सुविधा बहुत अच्छी है जिसमें आप Rapido, Uber जैसे ऐप से कैब बुक कर सकते हैं जिसका किराया शेयरिंग ऑटो से लगभग 25 से 30 रुपये ज़्यादा होगा।
  • बस का रास्ता और किराया: चारबाग या अवध चौराहे से गोमती नगर जाने वाली बसें आपको लोहिया पार्क या 1090 पर उतार देंगी और इन बसों का न्यूनतम किराया 11 रुपये होता है जो पार्क तक आने के लिए लगभग 18 से 27 रुपये हो सकता है। लखनऊ में खास इलेक्ट्रिक AC या नॉन-AC बसें भी चलती हैं जो आपसे लगभग 22 से 32 रुपये तक ले सकती हैं और आप डिजिटल पेमेंट या Chalo ऐप से भी ऑनलाइन टिकट ले सकते हैं।

गोमती रिवरफ्रंट पार्क की मुख्य खासियतें और आकर्षण

गोमती रिवरफ्रंट पार्क को बहुत सोच-समझकर बनाया गया है, यहां पर आधुनिक बनावट और अवधी संस्कृति को एक साथ रखा गया है और इसे आज के ज़माने के लोगों के लिए तैयार किया गया है। पार्क के अंदर आपको बहुत से मुख्य आकर्षण देखने को मिलेंगे:

  • म्यूज़िकल फाउंटेन: पार्क के अंदर लगभग 7:30pm के बाद इस फव्वारे की बौछारें संगीत और लेज़र लाइट के साथ आस-पास के माहौल को बेहद सुंदर बना देती हैं और यह गोमती रिवरफ्रंट पार्क का सबसे बड़ा आकर्षण है।
  • खूबसूरत छतरियां: यहां पर नदी के किनारे गुंबद जैसी नए ढंग के पत्थरों की छतरियां बनी हुई हैं जहां आप बैठकर नदी की ठंडी हवा का मज़ा ले सकते हैं और रात में यहां का नज़ारा और भी अच्छा लगता है।
  • साइकिलिंग और जॉगिंग ट्रैक: यहां पर लगभग 2 किलोमीटर लंबा रबर वाला जॉगिंग और साइकिलिंग ट्रैक भी बनाया गया है जहां सुबह-शाम आस-पास के लोग कसरत या दौड़ लगाने आते हैं।
  • एम्फीथिएटर: पार्क के अंदर एक बड़ा खुला रंगमंच भी है जिसमें समय-समय पर लाइव संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम या नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाते हैं और खास मौकों पर भी इसे इस्तेमाल किया जाता है।
  • नौका विहार की सुविधा: रिवरफ्रंट में आपको नाव में घूमने का भी मौका मिल सकता है जिसमें पैडल या मोटर बोट दोनों हैं जिसका किराया 100 से 350 रुपये होता है, यह नाव पर निर्भर करता है और मैं सलाह दूंगा कि आप शाम 5:00 से 6:00 के बीच नौका विहार करें क्योंकि इस समय ज़्यादा अंधेरा भी नहीं होता और सूरज ढलने की वजह से मज़ा भी बहुत आता है।

खाना-पीना: रिवरफ्रंट का स्ट्रीट फूड

रिवरफ्रंट घूमने के बाद भूख तो लगेगी और घूमने का मज़ा तब तक नहीं आता जब तक लखनऊ का लज़ीज़ स्ट्रीट फूड न खा लें जिसके लिए यहां पर बहुत से विकल्प हैं:

food valley gomti nagar lucknow UP
  • फूड वैली: रिवरफ्रंट के पीछे यानी ताज महल होटल के सामने आपको फूड वैली मिलेगी जो अभी हाल ही में खुली है और यह एक खुली जगह वाला फूड कोर्ट है। VIP लोगों के लिए बना यह फूड कोर्ट बनावट में कहीं अलग है और यहां पर भी रिवरफ्रंट की तरह सुंदर छतरियां लगी हैं।
  • चटोरी गली 1090: अगर आप बचत के साथ ज़्यादा अच्छा स्ट्रीट फूड खाना चाहते हैं तो आपके लिए 1090 चटोरी गली सबसे अच्छी जगह रहेगी जो 2011 से यहां पर है और यहां पर 500 से ज़्यादा स्टॉल लगते हैं और हर एक तरह का खाना मिलता है।
  • रिवरफ्रंट के अंदर फूड स्टॉल: पार्क के अंदर भी कुछ छोटे फूड स्टॉल लगे हैं जिसमें पैकेट वाला खाना, आइसक्रीम या मोमोज जैसे खाने-पीने की चीज़ें शामिल हैं।
  • ताज़ा जानकारी (जुलाई 2026): लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने रिवरफ्रंट के सामने एक तैरता हुआ रेस्टोरेंट बनाने के लिए बहुत पहले आदेश दिया था जो अब आखिरी चरण में है और कुछ ही महीनों में यह आपको तैरते रेस्टोरेंट का मज़ा देने के लिए खुल जाएगा।

बजट और खर्च: अनुमानित यात्रा खर्च

खर्च का मदअनुमानित लागत (रुपये में)विवरण
प्रति टिकट₹10 से ₹15प्रति व्यक्ति
पार्किंग शुल्क₹20 से ₹50दो पहिया या चार पहिया वाहन
स्थानीय परिवहन₹30 से ₹100बस या शेयरिंग ऑटो
स्ट्रीट फूड₹100 से ₹300चटोरी गली में खाने-पीने का औसत खर्च
कुल खर्च₹200 से ₹450एक बेहतरीन शाम के लिए

आस-पास के दर्शनीय स्थल

अगर आप रिवरफ्रंट तक आ रहे हैं और आपके पास थोड़ा सा भी समय हो तो आप आस-पास की कुछ जगहों पर भी जा सकते हैं जो रिवरफ्रंट से लगभग 2 से 3 किमी के दायरे में ही हैं।

ambedkar park lucknow gomtinagar
  • डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल पार्क: रिवरफ्रंट के बिल्कुल करीब स्थित यह पार्क अपनी भव्य वास्तुकला, लाल सैंडस्टोन के हाथियों और रात की रोशनी के लिए प्रसिद्ध है।
  • यूपी दर्शन पार्क: विपिन खंड में स्थित यह लखनऊ का पहला ‘कबाड़ से कमाल’ पार्क है, जहां कबाड़ और स्क्रैप से उत्तर प्रदेश के 16 प्रसिद्ध स्मारकों (जैसे ताजमहल, राम मंदिर) की खूबसूरत कलाकृतियां बनाई गई हैं। इसका टिकट ₹100 है।
  • जनेश्वर मिश्रा पार्क: एशिया के सबसे बड़े शहरी पार्कों में शुमार यह पार्क अपने बड़े तालाबों, बच्चों के खेलने के मैदान (जुरासिक पार्क थीम) और हरियाली के लिए जाना जाता है।

आखिर में कुछ बातें

लखनऊ का मतलब अब सिर्फ पुरानी धरोहर ही नहीं, बल्कि आज का आधुनिक और खूबसूरत लखनऊ भी है — और गोमती रिवरफ्रंट पार्क इसका सबसे बड़ा सबूत है। शाम के समय नदी के किनारे बनी खूबसूरत छतरियों के नीचे बैठना, म्यूज़िकल फाउंटेन देखना और फिर 1090 चटोरी गली में लज़ीज़ स्ट्रीट फूड का मज़ा लेना, दिन भर की थकान को मिनटों में दूर कर देता है।

सबसे अच्छी बात यह है कि मात्र ₹200 से ₹400 के कम बजट में आपको सुकून, मनोरंजन और बेहतरीन खाने का ऐसा मेल मिलता है जो शायद ही कहीं और मिले। तो सोचना क्या? अपने अगले छुट्टी के दिन का प्लान बनाइए और निकल पड़िए गोमती रिवरफ्रंट के इस खूबसूरत सफर पर!

मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं!

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top